Site icon Badaun Today

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा का अविश्वास प्रस्ताव

बदायूं। लोकसभा चुनाव के बाद अब यहां जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश में पहले से भाजपा सरकार है और अब भाजपा ने पिछले दरवाजे से जिला पंचायत पर कब्जा करने की रणनीति अपनाई है। सोमवार को भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा के खिलाफ जिलाधिकारी के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश शाक्य के नेतृत्व में बिसौली विधायक कुशाग्र सागर, पूर्व विधायक योगेंद्र सागर, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, शेखूपुर विधायक धमेंद्र शाक्य, जिला पंचायत सदस्य प्रीति सागर की ओर से प्रस्ताव लेकर पंहुचे और डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी को सौंपा। डीएम ने इन्हें नियमानुसार कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

बता दें सपा की मधु चंद्रा को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने यह सीट बसपा की पूनम यादव से छीनी थी। फिलहाल जिला पंचायत में अध्यक्ष समेत 51 सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए आधे से एक अधिक यानि 26 सदस्य विरोध में मत दे देंगे तो प्रस्ताव पास हो जाएगा। सत्ता बदलने के बाद अविश्वास प्रस्ताव लाने की परंपरा नई नहीं है। सपा के सत्ता में आने पर सपा के सदस्यों की ओर से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। हालाँकि यह पास नहीं हुआ था।

Exit mobile version