Site icon Badaun Today

हाईवे से बरामद हुए आठ भ्रूण, जांच में जुटी पुलिस

सिलहरी (बदायूं)। शुक्रवार शाम बदायूं-दातागंज रोड पर लखनपुर गांव के समीप के खेत में आठ भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने आठों भ्रूण का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
 
शुक्रवार शाम करीब चार बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं-दातागंज मार्ग स्थित गांव लखनपुर के पास एक खेत में कुत्ते मंडरा रहे थे। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा, तो वहां दुर्गंध आ रही थी। उसके बाद ग्रामीणों ने यूपी 100 और सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। यहां अलग-अलग पन्नी में आठ भ्रूण पड़े थे। इनमें दो पूरी तरह विकसित हैं। बाकी मांस के लोथड़ों के रूप में मिले हैं।
 
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले एक प्राइवेट अस्पताल की एंबुलेंस आई थी, जो सड़क किनारे एक खेत के पास कुछ सामान फेंक कर गई थी। प्रत्यक्षदर्शी किसानों की माने तो इन भ्रूणों को फेंकने वाली महिला किसी अस्पताल या क्लीनिक की नर्स लग रही थी। ग्रामीणों ने पुलिस को महिला का हुलिया बता दिया है। जिस पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने भ्रूण सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
Exit mobile version