Site icon Badaun Today

प्रधानमंत्री मोदी की टीम में शामिल हुए बीएल वर्मा, जनपद में जश्न का माहौल

बदायूं। जनपद के उझानी निवासी भाजपा उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा को केंद्र सरकार के मंत्री मंडल में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी की टीम में शामिल होने पर पूरे जनपद में खुशी की लहर है।

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बीएल वर्मा को केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। जनपद के उझानी ब्लॉक के ज्योरा पारवाला गांव में जन्मे एवं वर्तमान में उझानी कस्बे के मोहल्ला पंजाबी कालोनी निवासी बनवारी लाल वर्मा बीएल वर्मा के नाम से मशहूर हैं। संगठन के आम कार्यकर्त्ता से केंद्रीय मंत्रिमंडल तक के सफर को तय करने वाले बीएल वर्मा विवादों से दूर रहने वाले व्यक्ति हैं। उनका केंद्रीय मंत्रीमंडल में शामिल होना जनपद के लिए भी गौरव का विषय है।

बीएल वर्मा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के करीबी हैं। बीएल वर्मा कहते हैं कि आज मैं जो कुछ भी हूं, बाबूजी कल्याण सिंह की बदौलत हूं। वे मेरे पिता तुल्य हैं। उनका स्थान तो कोई नहीं ले सकता है। प्रदेश में भाजपा को खड़ा करने का श्रेय कल्याण सिंह को दिया जाता है, दोनों ही लोधी समाज से आते हैं। लेकिन कल्याण सिंह अब सक्रिय राजनीति का हिस्सा नहीं हैं। 2022 में विधानसभा चुनाव में हैं ऐसे में भाजपा ने बीएल वर्मा के कद को बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि रुहेलखंड के साथ आगरा मंडल में पार्टी ने लोधी वोट बैंक को सहेजने की कोशिश की है।

कस्बे उझानी में आतिशबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता

वर्मा ने 1980 में आरएसएस के खंड कार्यवाह व तहसील प्रमुख के रूप में सामाजिक जीवन के सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 1984 में भाजयुमो के जिला महामंत्री बने और इसी बीच यूपी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात हुई। फिर वर्ष 1997 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बनकर राजनीति शुरू की थी। 2003 से 2007 तक दो बार भाजपा के प्रदेश मंत्री रहे। 2011 में कल्याण सिंह के साथ उन्होंने भी भाजपा छोड़ दी। कल्याण सिंह ने खुद की जन क्रांति पार्टी बनाई, तब बीएल वर्मा को ही पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

कल्याण सिंह के साथ 2012 में फिर भाजपा में शामिल हुये। वर्ष 2013 से 2015 तक भाजपा रूहेलखंड के अध्यक्ष रहे। बीएल वर्मा भाजपा रूहेलखंड के अध्यक्ष भी रहे हैं। 2016 में वह भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष थे। बाद में पार्टी में उनका कद और बढ़ा। उन्हें भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। 2017 में यूपी में भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें राज्य मंत्री स्तर का यूपी सिडको का चेयरमैन पद सौंपा गया। बीते वर्ष ही जब भाजपा ने उनको राज्यसभा भेजा। तब से ही मोदी की टीम में शामिल होने के कयास लग रहे थे ।

Exit mobile version