Site icon Badaun Today

यूपी में अब शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे 100 लोग, कोरोना कर्फ्यू में भी छूट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना के घटते मामलों को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश में अब शादी समारोह में 100 मेहमान शामिल हो सकेंगे। हालांकि, आदेश में कहा गया है कि समारोह में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। सरकार ने रात्रिकालीन कर्फ्यू में भी 1 घंटे की छूट बढ़ाई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के छूट देने के निर्देश के बाद रविवार को गृह विभाग ने इसका आदेश भी जारी कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक, अब शादी या अन्य मांगलिक कार्य के समारोह के लिए अधिकतम व्यक्तियों की संख्या 100 कर दी गई है। किसी भी बंद स्थान जैसे हॉल या कमरे की निर्धारित क्षमता के 50 प्रतिशत लेकिन एक समय में अधिकतम 100 व्यक्ति ही मौजूद रह सकेंगे।

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि टीकाकरण के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। आयोजन स्थल पर सैनिटाइजर जरूर रखा जाए। साथ ही दो गज की दूरी का भी पालन किया जाए। कार्यक्रमों में फेस मॉस्क, सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर एवं हैंडवॉश की व्यवस्था अनिवार्य होगी। साथ ही कोरोना कर्फ्यू में अब सुबह 6 बजे से रात 11 तक की मिली छूट मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना के 9 मरीज मिले हैं। अब प्रदेश में एक्टिव केस 193 रह गए हैं। वहीं, सात मरीजों के ठीक होने के बाद उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। प्रदेश में कोविड मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अब सिर्फ 41 जिलों में एक्टिव केस हैं। बाकी जिले संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। शनिवार को प्रयागराज, आगरा, झांसी, मेरठ, बुलंदशहर, गाजीपुर, कौशांबी, चित्रकूट और फतेहपुर में एक-एक मरीज मिला है। बीते 24 घंटे में 182847 सैंपल की जांच की गई है।

प्रदेश में टीकाकरण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को 586723 लोगों का टीकाकरण हुआ है। इस तरह अब तक प्रदेश में 9 करोड़ 41 लाख 28 हजार से ज्यादा लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इसमें सात करोड़ 74 लाख 94 हजार को पहली और एक करोड़ 66 लाख 34 हजार को दूसरी डोज दी जा चुकी है।

Exit mobile version