बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजयनगला में मंगलवार रात भाजपा नेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह अपने बेटे की जगह ओवरहेड टैंक की रखवाली करने गए थे। बुधवार सुबह उनका खून से लथपथ शव मिला। सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिनावर के विजय नगला गांव निवासी सुरेश चंद्र गुप्ता भाजपा बिनावर मंडल के उपाध्यक्ष थे। वे पहले भारतीय किसान यूनियन के महासचिव भी रह चुके थे। सुरेश पत्नी, दो बेटों निर्दोष और राहुल के साथ गांव में रहते थे। गांव में ही लकड़ी की टाल चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार के मुताबिक सुरेश चंद्र का बेटा राहुल जनजीवन मिशन में चौकीदार है और गांव की पानी की टंकी पर तैनात है। मंगलवार को वह रिश्तेदारी में गया था तो उसकी जगह पिता सुरेश चंद्र उसकी ड्यूटी पर चले गए। रात करीब नौ बजे खाना खाकर वह टंकी परिसर में सोने गए थे।
वहीं बुधवार सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी शशिबाला उन्हें देखने टंकी पर पहुंचीं। वहां गेट के पास सुरेश चंद्र का शव पड़ा मिला। सिर फटा हुआ था और चेहरे पर भी कई घाव थे। शव की हालत देख गांव में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोग जमा हो गए।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। परिजनों की पूछताछ में हत्या के पीछे का कारण साफ नहीं हो सका है। घटना की सूचना पर सदर विधायक महेश गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
सीओ सिटी ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हत्या की गई। मृतक के फोन का सीडीआर निकाला जा रहा है। पुरानी रंजिश की आशंका है।