उझानी(बदायूं)। उझानी ब्लॉक क्षेत्र के बितरोई गांव में बीती किसी जंगली जानवर ने भेड़ों पर हमला कर दिया। इस हमले में 5 भेड़ की मौत हो गयी जबकि करीबन 15 भेड़ घायल हैं। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षक किया। पशु पालक ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगायी है।
बितरोई गांव निवासी सचिन पुत्र दयाराम भेड़ पालते हैं। उनके पास 60 भेड़ थी। रविवार की रात वह बाड़े का दरवाजा बंद कर पडोस में ही अपने घर चले गये थे। करीबन 12 बजे भेड़ों के शोर की आवाज सुनकर सचिन बाहर निकले। उन्होंने एक जंगली जानवर को भागते हुए देखा। बाड़े में देखने पर भेड़ मृत पाई गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल मिली। जिससे सचिन के होश उड़ गये। घटना की जानकारी पर ग्रामीण जमा हो गये। उन्होंने जानवर को तलाशने की कोशिश भी की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सचिन ने बताया कि भेड़ों के गले, पेट, कमर पर हमला किया गया है। अब तक 5 की मौत हो चुकी है, एक गंभीर घायल है। इसके अलावा भी करीबन 15 भेड़ों को जख्म है। घटना के बाद सचिन व उनका परिवार सदमे में है।
वहीं गांव के लोग भी अनजाने खौफ को लेकर भयभीत हैं। उन्हें अपने पशुओं तथा खुद की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हमला तेंदुए का हो सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद वनरक्षक विकेंद्र सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने मृत और घायल भेड़ों की जांच पड़ताल की।
उन्होंने बताया कि मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हालाँकि प्रथमदृष्टया यह हमला तेंदुए का नहीं है। यह डॉग प्रजाति के सियारम भेड़िया या लकड़बग्घा का हमला हो सकता है। अमूमन तेंदुए अपने शिकार को उठाकर भागना पसंद करते हैं। वो इस तरह 15-20 भेड़ों को घायल नहीं करते। जांच पूरी होने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। स्थानीय ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। साथ ही वन विभाग की टीम जंगली जानवर की ट्रैकिंग में जुटी है।


