बदायूं। जनपद में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के दो अफसरों की दिनदहाड़े हुए हत्या के बाद एसएसपी बृजेश कुमार सिंह पर गाज गिरी है। एसपी कासगंज अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी बनाया गया है।
मूसाझाग क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट की गुरुवार को दिनदहाड़े तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस की लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह को हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय पर लॉजिस्टिक में तैनाती दी गई है। उनकी जगह एसपी कासगंज अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी बनाया गया है। वह एसपी कासगंज के पद पर तैनात थीं।
पुलिस की लापरवाही ने ली जान
उप महाप्रबंधक (डीजीएम) और डिप्टी मैनेजर की हत्या की वारदात को प्लांट से फरवरी में ही हटाए गए मेसर्स लक्ष्य पावरटेक कंपनी के ठेका कर्मचारी अजय प्रताप सिंह ने घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हत्या के आरोपी युवक पर डीजीएम ने एक महीने पहले चार फरवरी को धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इस घटना से अति सुरक्षित प्लांट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये। वहीं, देर रात थाना मूसाझाग प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार व हल्का प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार को सस्पेंड कर दिया गया। एचपीसीएल प्लांट के प्रबंधन ने आरोपी की धमकियों को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। हर्षित मिश्रा की मां का कहना था कि आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने से लेकर SSP तक शिकायत की गई थी। एफआईआर दर्ज करने के बाद सख्त कार्रवाई नहीं गई थी। बस पुलिस ने मामूली कार्रवाई की थी। इसके बाद आरोपी और बौखला गया और धमकियां देता था।
उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, ‘धमकी मिल रही थी, एसपी को बताया और DM के पास भी गए। विधायक के भी पास गए। सबके पास गए और वो जब जाते थे तो विधायक जी कभी इनकी तरफ कहते थे, कभी रामू की तरफ कहते थे। वह अधिकारी परसों से आए हुए थे और जब आज ये मर्डर हो गया तो निकल गए। राजीव सर, अनूप सर और किरण कोठारी तीनों लोग आए थे। वो निकल गए और किसी को करोंच नहीं आई। मेरे बच्चे को ही क्यों मार दिया? सब ठाकुर हैं, भाई-बंधु सब उनके हैं।’



