ADVERTISEMENT
  • About
  • Advertise
  • Privacy & Policy
  • Contact
Monday, June 16, 2025
  • Login
Badaun Today
ADVERTISEMENT
  • उत्तर प्रदेश
  • जिला बदायूं
    • बिल्सी
    • शेखूपुर
    • सहसवान
    • दातागंज
    • बिसौली
  • बदायूं
  • उझानी
  • गांव की बात
  • विशेष
  • धर्म दर्शन
  • अपराध
  • हमारा कानून
No Result
View All Result
  • उत्तर प्रदेश
  • जिला बदायूं
    • बिल्सी
    • शेखूपुर
    • सहसवान
    • दातागंज
    • बिसौली
  • बदायूं
  • उझानी
  • गांव की बात
  • विशेष
  • धर्म दर्शन
  • अपराध
  • हमारा कानून
No Result
View All Result
Badaun Today
No Result
View All Result

सोशल मीडिया एनालिसिस: कोरोना की दूसरी लहर में आपके जनप्रतिनिधियों ने क्या किया?

by Vishal Maheshwari
May 27, 2021
in विशेष
A A
सोशल मीडिया एनालिसिस: कोरोना की दूसरी लहर में आपके जनप्रतिनिधियों ने क्या किया?
Share on FacebookShare on TwitterShare on Whatsapp
ADVERTISEMENT

बदायूं। जनपद को कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से अब थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। लेकिन बीते दो माह में लोगों की जिन्दगी सबसे बुरे दौर से गुजरी है। कई लोगों ने अपने परिवारों के सदस्यों को खोया है। कोरोना के इस लहर में आमजन ऑक्सीजन, अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर और दवाइयों के लिए दर-दर की ठोकरों से होकर गुजरे हैं। लेकिन सवाल है ऐसे हालातों में जनता ने जिन लोगों को सिरमाथे चढ़ाया था, वो जन प्रतिनिधि कहाँ थे? संकट की इस घड़ी में आपके लिए किसने क्या किया?

ADVERTISEMENT

वर्तमान में तमाम राजनेता सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रीय रहते हैं। किसी का जन्मदिन, जन्मजयंती, पुण्यतिथि हो या सरकारी फैसलों से लेकर अपनी निजी कार्यों के प्रचार तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। जनप्रतिनिधि अमूमन क्षेत्र से जुडी अपनी हर गतिविधि को यहाँ साझा करते हैं, अपना लेखा-जोखा जनता के सामने रखते हैं इसीलिए बीते दो महीने में जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों को जानने के लिए हमने जनपद के 6 विधायक और सांसद के ट्वीट और फेसबुक पोस्ट का एनालिसिस किया है। इसके अलावा उनके ग्राउंड पर कामकाजों पर भी नजर डाली है।

जिले में विधानसभा की 6 सीटें हैं। इसमें सहसवान, शेखूपुर, बिसौली, बदायूं सदर, बिल्सी और दातागंज शामिल हैं। 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने समाजवादी पार्टी की गढ़ में 5 सीटों पर जीत हासिल कर परचम लहराया था। भाजपा ने समाजवादी पार्टी से शेखूपुर, बिसौली और बदायूं सदर और बसपा से बिल्सी और दातागंज छीन ली। अब एक मात्र सहसवान सीट समाजवादी पार्टी के हिस्से में हैं। वहीं 2019 में सांसद सीट भी भाजपा का कब्ज़ा हो गया, यूपी सरकार में कद्दावर मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य ने धर्मेन्द्र यादव को शिकस्त दी।

बदायूं सदर से महेश चन्द्र गुप्ता विधायक हैं। सदर विधायक योगी सरकार में राज्यमंत्री भी हैं। महेश चन्द्र गुप्ता का सिद्दांत हैं, ‘अच्छा सोचो अच्छा होगा, आज नहीं तो कल होगा’ अपनी इसी सिद्धांत के साथ वो जनता की सेवा करने का दावा करते हैं। महेश चन्द्र गुप्ता ने बीते दो माह में 118 ट्विट किए हैं। इसमें जन्मदिन, जन्मजयंती, पुण्यतिथि, शोक संवेदना, दिवस, धार्मिक शुभकामनाओं से सम्बंधित 54 ट्विट हैं। महेश चन्द्र गुप्ता ने एक ट्विट के मुताबिक वो आगरा के एक समारोह में शामिल हुए हैं। पंचायत चुनाव में प्रचार के 11 ट्विट हैं। केंद्र और राज्य की सरकारी योजनों के प्रचार के 4 ट्विट हैं।

दो ट्विट में महेश चन्द्र गुप्ता ने सरकारी निःशुल्क राशन वितरण का उद्घाटन और सहकारी समिति गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण की जानकारी दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात, परीक्षा पर चर्चा, भाजपा के स्थापना दिवस पर संबोधन से सम्बन्धित 6 ट्विट किए हैं। दो ट्विट आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप और बदायूं सांसद संघमित्रा मौर्य के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाओं के हैं।

कोरोना से सम्बंधित ट्विट की बात की जाए तो सदर विधायक एक ट्विट में क्षेत्र के ग्राम कुआंडांडा एवं प्रहलादपुर में सैनिटाइजेशन कर रहे हैं। एक ट्विट के मुताबिक उन्होंने जनपद की सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों में उन्होंने साफ सफाई और सैनेटाईजेशन का निर्देश दिया है। वहीं तीन ट्विट में उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना किट बाँटने और सैनेटाईजेशन की तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने सीएम योगी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए पत्र भी लिखा है, इसमें उन्होंने ऑक्सीजन की समस्या का जिक्र है।

सदर विधायक ने अगले ही दिन चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना से भी ऑक्सीजन की उचित व्यवस्था करने के लिए पत्र लिखा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की किल्लत पर उनकी सीएम से फोन पर भी बात हुई है। उनके इन प्रयासों के बाद प्रदेश सरकार द्वारा 1000 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगाने के लिए स्वीकृति मिली। उन्होंने एक ट्विट में इसके लिए आभार व्यक्त किया है।

विनावर सीएचसी में 30 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य और वहां ऑक्सीजन सप्लाई हेतु पाइप लाइन के लिए अपनी विधायक निधि से धनराशि की मंजूरी से सम्बंधित दो ट्विट किए हैं। कोरोना, वैक्सीन और सरकारी नीतियों को लेकर जनमानस में जागरूकता के लिए उन्होंने 11 ट्विट किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के वैक्सीनेशन, कोरोना उत्सव की घोषणा, कोरोना में प्रधानमंत्री का संबोधन के तीन ट्विट हैं। एक ट्विट में उन्होंने पति संग वैक्सीनेशन करवाया है।

साथ ही एक दिन पहले जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यसभा सांसद बी.एल. वर्मा के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। यहाँ पीडियाट्रिक वार्ड (एनआईसीयू एवं पीआईसीयू) का उद्घाटन किया गया। सदर विधायक के फेसबुक पर भी ट्विटर के जैसी ही जानकारियां हैं।

बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से आरके शर्मा विधायक हैं। उनकी ट्विटर बाओ में लिखा है कि ‘अन्तोदाय के लक्ष्य से प्रेरित मेरा कर्म, जिसको जग ने ठुकराया उसी की सेवा धर्म’ लेकिन कोरोना की इस दूसरी लहर में विधायक पूरी तरह गायब हैं। न उनके क्षेत्र में लोगों के बीच होने की खबर है, न ही वो कोरोना को लेकर सोशल मीडिया में सक्रिय हैं। इस बात को लेकर सोशल मीडिया में जमकर चटखारे भी लिए जा रहे हैं। आरके शर्मा ने बीते दो माह में 9 ट्विट किए हैं। इसमें चार ट्वीट सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, सीएम ओएसडी अभिषेक कौशिक के कोरोना पॉजिटिव होने पर स्वस्थ होने की कामना के हैं। दो ट्विट में विक्रम संवत और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी गयी हैं। साथ ही तीन ट्विट जन्मदिन की शुभकामनाओं के हैं।

वहीं फेसबुक की बात की जाए तो यहाँ 5 पोस्ट हैं जिसमे प्रधानमंत्री मोदी की पश्चिम बंगाल रैली और एक पोस्ट पंचायत चुनाव के नतीजो के बाद विधानसभा को लाभ हानि से जुडी है। एक पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गयी हैं, साथ ही एक पोस्ट में गीता के उपदेशों को साझा किया गया है। आखिरी पोस्ट फिलहाल तकनीकी कारणों से नजर नही आ रही है। उनकी फेसबुक और ट्विटर टाइमलाइन देखकर पता ही नहीं चलता कि देश कोरोना की भयानक दूसरी लहर का सामना कर रहा है जिससे जनपद सहित उनके क्षेत्र के लोग भी प्रभावित हैं।

बिसौली से कुशाग्र सागर विधायक हैं। कुशाग्र एक युवा विधायक और वो मानते हैं कि युवा देश की शक्ति है। कोरोना की इस लहर में कुशाग्र सागर, उनके पिता योगेंद्र सागर और उनकी दादी शांति देवी कोरोना पॉजिटिव हो गयी थीं। संक्रमण की वजह से शांति देवी का 6 मई को देहांत हो गया। बीते दो माह में उन्होंने कुल 9 ट्विट किए हैं। उन्होंने चार ट्विट जन्मदिन, जन्मजयंती और शोक संवेदना से सम्बंधित हैं। दो ट्विट में उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और उनके ओएसडी के कोरोना पॉजिटिव होने पर जल्द ठीक होने की कामना की है।

कोरोना से सम्बंधित ट्विट पर नजर डाले तो उन्होंने एक ट्विट कोरोना को लेकर जागरूकता के लिए किया है। एक ट्विट में खुद के निगेटिव होने की जानकारी दी है, साथ ही लोगों की मदद करने के लिए अपना मोबाइल नम्बर साझा किया है।

कुशाग्र सागर ट्विटर के मुकाबले फेसबुक पर ज्यादा एक्टिव हैं। यहाँ उन्होंने बीते दो महीने में 22 पोस्ट की है। जन्मदिन, जन्मजयंती, धार्मिक शुभकामनाओं, शोक संवेदना से सम्बन्धित 11 पोस्ट हैं। पंचायत चुनाव में प्रचार से सम्बंधित 6 पोस्ट हैं। दो पोस्ट में उन्होंने अपनी और पिता की कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है, एक पोस्ट में दादी के निधन की सूचना साझा की है।

जनता को कोरोना संक्रमण में मदद की बात की जाए तो उन्होंने आसफपुर में कोविड केयर सेंटर के लिए अधिकारियों से बात की। यहाँ दो पोस्ट ट्विटर के समान ही लोगों की मदद और जागरूकता से सम्बंधित हैं।

दातागंज विधानसभा से राजीव सिंह उर्फ बब्बू भैया विधायक हैं। राजीव सिंह की फेसबुक टाइमलाइन पर बीते दो माह में करीबन ५० पोस्ट हैं। इसमें पंचायत चुनाव प्रचार की 20 पोस्ट हैं। भाजपा स्थापना दिवस पर संबोधन, कार्यालय पर जनता से मुलाकात, राम मंदिर के लिए दान, जन्मदिन, जन्मजयंती, शोक संवेदना से सम्बंधित 10 पोस्ट की है। दो पोस्ट सरकारी योजनाओं के प्रचार की हैं। उनके ट्विटर प्रोफाइल पर फेसबुक के समान ही पोस्ट हैं।

कोरोना से सम्बंधित कार्यों में राजीव सिंह लोगों को जागरूक करने के लिए क्षेत्र में खुद पहुंचे हैं। उन्होंने सैनीटाईजिंग हेतु मशीन रवाना की है। फेसबुक टाइमलाइन बताती है कि उन्होंने कोरोना जांच के लिए कैम्प लगवाया है। साथ ही कोरोना काल में जरूरतमंदों के लिए मुफ्त राशन वितरण प्रणाली का निरीक्षण भी किया है। उन्होंने जनपद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सीएम योगी आदित्यनाथ से क्षेत्र में कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए बात भी की है।

उनके इस प्रयास से समरेर में स्थित सीएचसी केंद्र पर 30 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाया गया। जिसका उन्होंने निरीक्षण कर दो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान किए। दो दिन पहले उन्होंने आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप के साथ दुबारा कोविड सेंटर के हालातों का जायजा लिया और चार नए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की।

शेखपुर विधानसभा से धर्मेन्द्र शाक्य उर्फ पप्पू भैया विधायक हैं। बीते 2 माह में उनके फेसबुक पेज पर 10 पोस्ट हैं। यह पोस्ट पंचायत चुनाव प्रचार, जन्मदिन, जन्मजयंती और अन्य शुभकामनाओं से सम्बन्धित हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बिगड़ते हालातों पर धर्मेन्द्र शाक्य ने सबसे पहले आवाज उठाई थी।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज का दौरा कर हालातों का मुआयना किया इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है कि मेडिकल कॉलेज बदायूं के प्रधानाचार्य द्वारा कोविड के मरीजों के इलाज में उदासीनता बरती जा रही है। यहां बेड और वेंटिलेटर मौजूद होने के बावजूद उनका इस्तेमाल नहीं हो रहा है। शासन द्वारा तमाम सुविधाएँ देने के बावजूद मरीजों को दवाएं और इलाज नहीं मिल रहा। मरीजों से भोजन आदि खर्च के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। लोगों का भरोसा टूट रहा है। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को हटा दिया गया था। इसके बाद विधायक ने मंडलायुक्त को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की तैनाती के लिए भी पत्र लिखा।

सहसवान विधानसभा से ओमकार सिंह यादव विधायक हैं। 2022 में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी के रास्ते तलाश रही है, इस हिसाब से उन्हें इस कोरोना काल में सबसे ज्यादा सक्रीय रहना था लेकिन न ही ओमकार सिंह यादव क्षेत्र में नजर आए न ही उनका कोई प्रतिनिधि हालाँकि उन्होंने पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव की पहल पर मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट के लिए विधायक निधि से 35 लाख दिए हैं। उनके फेसबुक पोस्ट पर बीते दो माह में 6 पोस्ट है। जिसमे उनके पुत्र और पूर्व डीसीबी के चेयरमैन की तस्वीर, वीडियो और शुभकामनाओं से सम्बंधित पोस्ट हैं।

जनपद से संघमित्रा मौर्य सांसद हैं। उनके ट्विटर अकाउंट पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के रिट्विट के अलावा फेसबुक के समान ही पोस्ट हैं। बीते दो माह में सांसद ने फेसबुक पर करीबन 130 पोस्ट किए हैं। उन्होंने दिवस, जन्मदिन, जन्मजयंती, पुण्यतिथि, शोक संवेदना या अन्य शुभकामनाओं से सम्बंधित करीबन 80 पोस्ट की हैं। अपने कार्यालय पर जनता से मुलाकात, मीटिंग, अन्य उद्घाटन सम्बंधित 8 पोस्ट हैं। पंचायत चुनाव प्रचार की 6 पोस्ट हैं। कोरोना वैक्सीनेशन पर उन्होंने 3 पोस्ट की हैं। इस बीच उनके परिवार के कई सदस्य कोरोना पॉजिटिव भी हो गये थे जिसके बाद सांसद भी होम आईसोलेट हो गयी थीं।

कोरोना को लेकर जनता को जागरूक करने के लिए उन्होंने 14 पोस्ट की हैं। कोरोना के मामले में संक्रमण के शुरूआती दौर में संघमित्रा मौर्य 3 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीएचसी उझानी और सहसवान में कोविड वार्ड का निरीक्षण किया था। आईसोलेशन से आने के बाद उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की किल्लत को खत्म करने के लिए सबसे पहले बरेली में कमिश्नर से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। सांसद ने पीपीई किट पहनकर कोरोना वार्ड में पहुँच गयी और वहां उन्होंने संक्रमित मरीजों से बात की। उनके इस कदम की ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट एसोसिएशन ने प्रशंसा भी की थी।

अगले दिन संघमित्रा मौर्य ने एक आम मरीज की तरह जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में व्यस्व्था को देखा। इसके बाद पीपीई किट पहनकर बिसौली के एक अस्पताल में भर्ती अपने प्रतिनिधि सहित अन्य मरीजों का हाल जाना। सांसद ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किए हैं।

इस एनालिसिस में एक बात स्पष्ट है कि अप्रैल की शुरुआत से मध्य तक कोरोना ज्वालामुखी बन गया। उस बीच तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारी पंचायत चुनावों में व्यस्त थे। अपने अपने सोशल मीडिया अकाउन्ट्स पर जन्मदिन, जन्मजयंती और शोक मना रहे थे। राजकीय मेडिकल कॉलेज में लोग ऑक्सीजन की समस्याओं से जूझते हुए मौत के काल में समा गए लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। आरोप यह भी लगे कि मरीजों को डॉक्टर देखने ही नहीं आते हैं। 19 अप्रैल को जनपद में मतदान बीत जाने के बाद जनप्रतिनिधियों की आँखे खुली तब कहीं कोई सैनेटाईजेशन करने के पहुँचा तो कहीं पत्रों का दौर शुरू हुआ, कहीं फीते काटे गए और कहीं गरीबों की सुध ली गयी लेकिन तब तक हालत भयावह हो चुके थे। कोरोना संक्रमण अब ढलान की ओर है, ऐसे में अब राजकीय मेडिकल कॉलेज में तीन तीन ऑक्सीजन प्लांट लग रहे हैं, अगर इस पर पहले ही गौर किया जाता तो कईओं की जान बचाई जा सकती थी। हालाँकि विशेषज्ञ तीसरी लहर की आशंका भी जता रहे हैं, उम्मीद है इन कोशिशों से आने वाले वक्त में राहत मिलेगी।

ShareTweetSend
Previous Post

निर्माणाधीन मकान की बीम ढहने से राजमिस्री की मौत

Next Post

उझानी में एक और बाइक की चोरी

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us On Facebook

Advertisement

Currently Playing
Badaun Today

©2024 BadaunToday

Navigate Site

  • About
  • Advertise
  • Privacy & Policy
  • Contact

Follow Us

No Result
View All Result
  • उत्तर प्रदेश
  • जिला बदायूं
    • बिल्सी
    • शेखूपुर
    • सहसवान
    • दातागंज
    • बिसौली
  • बदायूं
  • उझानी
  • गांव की बात
  • विशेष
  • धर्म दर्शन
  • अपराध
  • हमारा कानून

©2024 BadaunToday

Welcome Back!

Login to your account below

Forgotten Password?

Retrieve your password

Please enter your username or email address to reset your password.

Log In
error: Content is protected !!