उझानी (बदायूं)। प्रेम-प्रसंग के चलते अपहरण कर बेरहमी से पीटे गए युवक ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और उन्होंने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मूल रूप से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बोंदारी निवासी सूर्यकांत यादव पिछले करीब 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज में रह रहा था। उसका गांव में आना-जाना रहता था, इसी दौरान गांव की एक युवती से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया था। परिजनों के अनुसार, 6 दिन पहले सुबह करीब सात बजे कार सवार चार युवक उसके घर पहुंचे और उसे जबरन कार में डालकर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसे नोएडा ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर बेरहमी से पीटा। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक को बेहोशी की हालत में उसके घर के दरवाजे पर फेंककर फरार हो गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। गंभीर रूप से घायल सूर्यकांत को पहले बदायूं में प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
चार दिन बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम
सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती सूर्यकांत की हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए सैफई रवाना हो गए हैं। मृतक के पिता उदयराज यादव ने बताया कि शनिवार सुबह पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद से अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि न तो परिवार से सही तरीके से पूछताछ की गई और न ही इलाज के दौरान पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस मामले को रफादफा करने में लगी हुई है।
दर्ज है पांच आरोपियों पर केस
इस मामले में पुलिस ने पहले ही प्रेमिका के भाइयों समेत पांच आरोपियों राजकमल, छिदका, ब्रजेश कुमार, अभिषेक और उदयभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रखा है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
