बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिससे चार लोगों की मौत हो गयी। दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के करखेड़ी गांव निवासी बुलेट बाइक पर सवार अतर सिंह 40 वर्ष पुत्र वीरेंद्र सिंह, बच्चू 60 वर्ष पुत्र कुवरसेन, सोमपाल 55 वर्ष पुत्र जागन गांव से बगरैन आ रहे थे जबकि दूसरी बाइक पर करखेड़ी निवासी संजय 25 वर्ष पुत्र बच्चू और अशोक 35 वर्ष पुत्र भूदेव बगरैन से बाजार करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वजीरगंज थाना क्षेत्र में करखेड़ी परसिया रोड पर करीबन 7 बजे दोनों वाहनों की भिडंत हो गयी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज दिया। जहां डॉक्टर ने अतर सिंह मीणा, बच्चू सिंह, सोमपाल मीणा, संजय मीणा को मृतक घोषित कर दिया है। जबकि अशोक मीणा की हालत गंभीर है। अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम अवनीश कुमार रॉय और एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि दो बाइकों पर सवार सभी लोग एक ही गांव के हैं। शव पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। हादसे की सही वजह पता करने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
अस्पताल पहुंचे ग्रामीण: हादसे की खबर मिलने के बाद अस्पताल में ग्रामीणों का तांता लग गया। इस हादसे ने चार ग्रामीणों की एक साथ जिंदगी निगल ली। एक गंभीर रूप से घायल बाइक सवार जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है। उसका उपचार जारी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में मातम से छाया हुआ है।