Site icon Badaun Today

नहीं थम रहा कहर, जांच में मिले 330 नए कोरोना संक्रमित

प्रतीकात्मक चित्र

बदायूं। जिले में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों के लापरवाह रवैये से कोरोना काफी तेजी से अपना पांव पसार रहा है। शुक्रवार को जांच में 330 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जनपद में सक्रिय मरीजोें की संख्या 1595 हो गई है।

शुक्रवार को कोरोना संक्रमण जाचने के लिए 2420 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 330 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। हालांकि 62 मरीजों के ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज भी किया गया है। संक्रमित मिले लोगों में अधिकतर को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं गंभीर तौर पर बीमार लोगों का इलाज प्रशासनिक स्तर पर देखरेख में भर्ती कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमण मामलों में शहर से 165 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उझानी से 53, बिसौली क्षेत्र में 27, सलारपुर क्षेत्र में 07, उसावां क्षेत्र में 08, जगत में 01, कादरचौक क्षेत्र में 01, दहगवां क्षेत्र में 02, वजीरगंज क्षेत्र में 09, दातागंज क्षेत्र में 09, म्याऊं क्षेत्र में 06, समरेर क्षेत्र में 08, सहसवान क्षेत्र में 11, अम्बियापुर क्षेत्र में 15 और अन्य जनपद के 8 लोग संक्रमित निकले हैं।

लोगों की लापरवाही से 10 दिन में बदले हालात

जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या विस्फोटक बता रही है कि लोगो की लापरवाही भी चरम पर पहुंची हुई है। कोरोना के भयावह स्थिति होने के बावजूद क्षेत्र में लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी के कारण जनपद में लगातार जांच तथा टीकाकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। परंतु प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही साफ नजर आ रही है। कोरोना की दूसरी लहर में एक अप्रैल को सिर्फ छह केस निकले थे, इसके बाद प्रतिदिन कोरोना की रफ्तार बढती रही लेकिन आंकड़ा दो अंकों तक ही सीमित रहा। जनपद में कोरोना ने रफ्तार 15 अप्रैल से पकड़ी। 15 अप्रैल को 109, 16 अप्रैल को 120, 17 अप्रैल को 138, 18 अप्रैल को 154, 19 अप्रैल को 131 और 20 अप्रैल को 140 लोग संक्रमित का शिकार हुए। 21 अप्रैल को अचानक 258 और 22 अप्रैल को 224 लोग संक्रमित निकले थे।

दो दिन जनपद में लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते कोहराम के बीच आज शुक्रवार रात आठ बजे से 59 घंटे का वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। आज रात से यह कोरोना कर्फ्यू सोमवार सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सिर्फ अतिआवश्यक सेवा यानी मेडिकल, दूध, रसद सामग्री, फल सब्जी, पुलिस तथा बंदिश के साथ सरकारी परिवहन सेवा को छोड़कर बाकी लोगों का घर से निकलना पूर्णत: वर्जित रहेगा। किसी के भी अनावश्यक घर से बाहर निकलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रदेश का परिवहन विभाग आधी क्षमता के साथ बस चलाएगा। इसके अलावा निजी गाड़ी या फिर ऑटो, टैंपो तथा टैक्सी का संचालन प्रतिबंधित है। इस दौरान प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर सेनिटाइजेशन किया जाएगा। इससे पहले 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में सिर्फ रविवार को लॉकडाउन घोषित था। लेकिन मंगलवार को मुख्यमंत्री ने शनिवार और रविवार को दो दिन लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया था।

Exit mobile version