बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बुजुर्ग ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला महेश चौक निवासी विद्यासागर रस्तोगी (92) सर्राफा का कारोबार करते थे। घर के बाहरी हिस्से में ही उनकी ज्वैलरी की दुकान थी। पत्नी की तकरीबन 10 साल पहले मौत हो चुकी है। विद्यासागर रस्तोगी के चार पुत्र थे, जिनमें से दो का पूर्व में ही निधन हो चुका है। वर्तमान में उनके दो पुत्र शहर से बाहर रहते हैं। विद्यासागर घर में अकेले ही रहते थे। वह लम्बे वक्त से बीमार चल रहे थे। बीमारी के कारण वह अत्याधिक तनाव और शारीरिक कष्ट में थे। स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह करीब चार बजे उनके घर से धमाके की आवाज आई।
आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हुए और घर के कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां विद्यासागर रस्तोगी खून से लथपथ हालत में मिले। उनके पास ही तमंचा, एक खोखा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बिसौली सुनील सिंह, इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है क्योंकि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
