मुरादाबाद/बदायूं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में इंजीनियर भाई ने बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक ने अपनी मां पर भी जानलेवा हमला किया। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। युवक के बहन पर चाकू से 40 वार करने का मामला सामने आया है। इससे पता चलता है कि युवक काफी गुस्से में था। वह अपना सारा आक्रोश बहन पर निकालना चाहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मूल रूप नीलिमा से बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जोगीपुरा की रहने वाली हैं। वह निजी इंश्योरेंस कंपनी में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 1990 में नीलिमा अपने पति इंद्रजीत के साथ बदायूं से मुरादाबाद शिफ्ट हुई थी। वह पिछले दो साल से मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धिविहार सेक्टर-2 गणेश पार्क के सामने किराए के मकान में रहती थी। नीलिमा और इंद्रजीत काफी पहले एक-दूसरे से अलग हो चुके थे। इसके बाद से नीलिमा अपने जुड़वां बेटे हार्दिक और बेटी हिमशिखा के साथ रहती थीं। दोनों भाई-बहनों की बारहवीं तक पढाई बदायूं में ही हुई थी। नीलिमा ने पिछले साल सितंबर माह में बदायूं की दुकान भेज दी थी। इसके बाद से वो मुरादाबाद में घर खरीदने की तैयारी कर रही थीं वहीं नीलिमा के जुड़वा बच्चे हिमशिखा और हार्दिक गुरुग्राम के सेक्टर-10 में रह रहे थे। हिमशिखा ने मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद गुरुग्राम की नामी आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर काम कर रही थी। वहीं, हार्दिक ने बीटेक के बाद कुछ समय तक गूगल में काम किया। कुछ माह पहले उसने जॉब छोड़ दी और यूट्यूबर बन गया था। तीन मार्च को होली मनाने के लिए मुरादाबाद आए। शुक्रवार को उन्हें वापस हरियाणा जाना था, लेकिन इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में हार्दिक ने जुड़वां बहन हिमशिखा (25) पर चाकू से 40 से अधिक वार किए।
गर्दन, चेहरे और शरीर पर किए वार
गर्दन, चेहरे और शरीर पर हमला करने के बाद उसने शव को कंबल में लपेट दिया और घर का गेट बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद वह मां नीलिमा को उनके ऑफिस से घर लाने पहुंच गया। मां के घर पहुंचते ही जैसे ही उन्होंने कंबल में लिपटी बेटी का शव देखा तो चीखपुकार मच गई। इसी दौरान हार्दिक ने मां पर भी चाकू से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कार में बैठकर फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया। घायल मां नीलिमा का इलाज जारी है। घायल मां ने पुलिस को बताया कि हार्दिक पुणे निवासी दूसरे समुदाय की एक लड़की से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन वह और उसकी बहन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर वह काफी समय से परेशान और अवसाद में था। हैरानी की बात ये है कि जिस प्रेमिका के लिए हार्दिक (25) ने अपनी जुड़वा बहन हिमशिखा (25) की बेरहमी से हत्या की और मां पर जानलेवा हमला किया, उससे वो कभी मिला तक नहीं था। ये सिर्फ उसका ऑनलाइन इश्क था। इंस्टाग्राम पर ही उसकी प्रेमिका से बातचीत होती थी।
इन्फ्लुएंसर बन गया था हार्दिक
हार्दिक एक साल पहले नौकरी छोड़कर यूट्यूबर बन गया। हार्दिक ने जनवरी में अपनी बहन के साथ नैनीताल टूर का वीडियो अपलोड किया था। इसमें वह कहता है कि फाइनली मेरी बहन को छुट्टी मिल गई है। मैं उसे नैनीताल घुमाने ले जा रहा हूं। हम लोग वहां खूब मस्ती करेंगे। बहन के टॉक्सिक वर्कप्लेस छोड़ने को लेकर भी हार्दिक ने एक वीडियो बनाया है। इसमें वो कहता है- मेरी बहन अब जहां मन करे जा सकती है, फन कर सकती है, रिलैक्स कर सकती है। उसने टॉक्सिक वर्कप्लेस को छोड़ने का डिसीजन लिया है।
एक वीडियो में हार्दिक अपने बुजुर्ग नाना से सवाल करता है, क्या शादी के लिए रिलीजन और रिचुअल मायने रखता है? तब बुजुर्ग नाना जवाब देते हैं- नहीं। इस पर पास में बैठी हिमशिखा कहती है- सामने वाला मुस्लिम हो तो भी नहीं…? दरअसल, यहां बात हार्दिक की मुस्लिम गर्लफ्रेंड को लेकर हो रही थी। हार्दिक का तर्क था कि शादी में धर्म और जाति मायने नहीं रखते जबकि हिमशिखा का कहना था कि जाति तक तो ठीक है लेकिन दूसरे धर्म में शादी करना ठीक नहीं है। इसी वीडियो के अंत में हार्दिक कहता है- जिंदगी में दखल देने वाला कोई न हो, तो जिंदगी में खुशियां ही खुशियां हों।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी हार्दिक को शनिवार की दोपहर नया मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। उससे कार भी बरामद कर ली गई है। आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में आकर अपनी बहन की हत्या की और मां पर जानलेवा हमला किया था। शनिवार की दोपहर बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में हार्दिक ने बताया कि वो पिछले करीब डेढ़ साल से पुणे की रहने वाली मुस्लिम युवती के साथ रिलेशनशिप में था। सिर्फ इंस्टाग्राम के जरिए दोनों टच में थे। दोनों घंटों बातें करते थे। इंस्टाग्राम पर ही दोनों ने साथ-जीने मरने की कसमें खाईं थीं।
