कछला(बदायूं)। कछला के राधेलाल इंटर कॉलेज के 11वीं कक्षा के छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि उनके विषय की परीक्षा गलत कक्षा की उत्तर पुस्तिका पर कराई गई, जिससे उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार कछला के राधेलाल इंटर कॉलेज के एग्रीकल्चर वर्ग के 11वीं कक्षा के छात्रों का परीक्षा केंद्र मुजरिया चौकी के अलीगंज स्थित कालेज में गया है। शनिवार को एग्रोनॉमी प्रथम का प्रश्नपत्र था. इस दौरान छात्रों को 10वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं दे दी गईं। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने कॉपी पर अंकित कक्षा देखी तो तुरंत कक्ष निरीक्षक और संबंधित शिक्षकों को इसकी जानकारी दी लेकिन उनकी आपत्ति को गंभीरता से नहीं लिया गया। छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों ने कॉपी बदलने के बजाए उसी पर परीक्षा देने के निर्देश दिए। अब छात्रों को आशंका है कि 10वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिका पर लिखी गई परीक्षा कॉपियां मूल्यांकन के दौरान अमान्य घोषित की जा सकती हैं, जिससे वे अनावश्यक रूप से फेल हो सकते हैं।
इस संबंध में छात्र प्रेमचन्द्र, मोहित बघेल, सुमित, प्रवीण कुमार और संदीप चौहान सहित अन्य विद्यार्थियों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है। छात्रों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हमारा भविष्य खराब न किया जाए।



