बदायूं। जिले की नवांगतुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने शनिवार को बदायूं पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद पुलिस लाइंस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर औपचारिक स्वागत किया गया।
पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी ने नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए टीम भावना, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया सहित जनपद के अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कौन हैं आईपीएस अंकिता शर्मा
साल 2018 बैच की आईपीएस अफसर अंकिता शर्मा मूलतः राजस्थान की राजधानी जयपुर की रहने वाली हैं। 23 जुलाई 1992 को जन्मीं अंकिता के पास बीटेक की डिग्री है। 12वीं की पढ़ाई के बाद उन्होंने साल 2014 में एनआईटी जमशेदपुर में इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग में ऐडमिशन ले लिया। कॉलेस से उन्हें नौकरी भी ऑफर हुई लेकिन उन्होंने इसे ठुकराते हुए आईपीएस बनने का फैसला किया। साल 2018 में उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा अपने तीसरे प्रयास में क्रैक की और आईपीएस बन गईं। अपनी सरलता और कुशल नेतृत्व के लिए पहचानी जाने वाली अंकिता ने अपराध के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं।
