बदायूं। स्कूल चपरासी की हत्या की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कत्ल के आरोप में मृतक की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। राजकुमार को कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी। उसके बाद शव को रेलवे लाइन पर डाल दिया गया था।
बरेली जिले में सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर निवासी राजकुमार पुत्र रघुवीर का शव नगला शर्की गांव के पास रेलवे लाइन पर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक राजकुमार को कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी, जो पार निकल गई थी। इससे उसकी तुरंत ही मौत हो गई। राजकुमार मधुवन कॉलोनी स्थित होली कॉन्वेंट स्कूल में चपरासी था और अपनी पत्नी के साथ स्कूल में ही रहता था। रविवार को लाश मिलने के बाद से पुलिस ने घटना की जांच शुरू की तो स्कूल के दूसरे चपरासी अर्जुन चौहान पुत्र ओमेंद्र सिंह पर शक की सुई अटक गई। पूछताछ में उसने सब उगल दिया।
अर्जुन ने बताया कि उसके राजकुमार की पत्नी से प्रेम करता था। दोनों के बीच अवैध सम्बन्ध थे जिसकी वजह से राजकुमार अपनी पत्नी से मारपीट करता था। राजकुमार अपनी पत्नी को बरेली ले जाने के प्रयास में था लेकिन वह बरेली नहीं जाना चाहती थी। तभी से वह राजकुमार की हत्या करने की योजना बनाने लगा। 15 जून की शाम अर्जुन राजकुमार को मछली लाने के बहाने दातागंज ले गया। वापस लौटते समय अंधेरा हो गया था। उसने दातागंज रेलवे फाटक के पास अपनी बाइक कच्चे रास्ते पर मोड़ दी और राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर शव को रेलवे लाइन पर डाल दिया। वहीं एसएसपी ने बताया इसमें राजकुमार की पत्नी की भूमिका संदिग्ध लग रही है। जांच में दोषी पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Discussion about this post