कछला(बदायूं)। कछला गंगा घाट पर नगर पंचायत की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को ‘बदायूं टुडे’ पर प्रकाशित खबर का प्रशासन ने संज्ञान लिया जिसके बाद आधी रात में नगर पंचायत के कर्मचारी घाट पर पहुंचे हालाँकि उन्होंने गोवंशों को दफनाने की बजाए उनके ऊपर रेत डालकर खानापूर्ति कर ली। नतीजतन रविवार को कुत्तों को फिर से शवों को नोचना शुरू कर दिया।
कछला गंगा घाट पर पूर्वी क्षेत्र में गोवंशों के शव पड़े हुए हैं। बीते चार दिनों से इन शवों को कुत्ते-कौवे नोच रहे हैं। कई गोवंश कंकाल बन चुके हैं। शनिवार को ‘बदायूं टुडे’ ने इस सम्बन्ध में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामला जब प्रशासन के संज्ञान में आया तो रात करीबन 10 बजे नगर पंचायत के कर्मचारी घाट पर पहुंचे। उन्होंने अपनी लापरवाही पर पर्दा डालते हुए गोवंश के शव-कंकाल को रेत से ढक दिया। गोवंश को जेसीबी से गड्डा कर दफनाने की बजाए उनके पर आसपास का कूड़ा-करकट भी डाल दिया गया। गोवंश की मौत की वजह जानने के लिए किसी भी गाय का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
इसे भी पढ़िए: कछला गंगा घाट पर गोवंशो की मौत, शवों को नोच रहे कुत्ते और कौवे, कई कंकाल भी मिले
वहीं रविवार को कुत्तों के झुंड ने रेत हटाकर शवों को नोचना शुरू कर दिया। स्थानीय राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि कई दिन से गोवंश मर रहे हैं। जिनके न तो दफनाने का इंतजाम किया जा रहा है और न ही कमजोर गोवंशों के उपचार की कोई व्यवस्था की जा रही है। भूख से गोवंश दम तोड़ रहे हैं। गोवंशों के शव कुत्ते नोच रहे हैं। कई बार कहने के बाद भी शवों को नियमित नहीं दफनाया जाता है।
कोटरा सारंगपुर में तड़प रहा बछड़ा
उझानी ब्लाक के ग्राम पंचायत सराय स्वाले के मजरा कोटरा सारंगपुर की गौशाला में एक बछड़ा दर्द से तड़प रहा है। ग्रामीणों ने शनिवार को बछड़े का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। एक ग्रामीण ने बताया कि दस दिन पहले भी गौशाला में एक गोवंश की मौत हो चुकी है। इस संबंध में प्रधान सुभाष वर्मा ने बताया कि बछड़े की तबियत खराब है, उसका इलाज करवाया जा रहा है।
Discussion about this post