Site icon Badaun Today

लूट के प्रयास में व्यापारी पर दिनदहाड़े हमला, फायर झोंक भागे बदमाश

उघैती (बदायूं)। जनपद में बदमाशों के हौसले खासा बुलंद हैं। शुक्रवार सुबह उघैती में अज्ञात बदमाशों ने लूट में विफल होने पर आढत व्यापारी पर फायर झोंक दिया जिसमे वो बाल बाल बच गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफतारी नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद व्यापारी वर्ग बेहद सदमे में है।

थाना क्षेत्र के गांव रियोनाई निवासी संजीव गुप्ता की कस्बे में बदायूं बिजनौर स्टेट हाईवे पर आढ़त है। शुक्रवार की सुबह वह अपने पल्लेदार के साथ आढ़त पर पहुंचे। व्यापारी रुपयों से भरा बैग आढ़त के कमरे में रखने जा रहे थे, जबकि उनका नौकर शटर का ताला खोल रहा था। इसी दौरान अचानक मास्क लगाए अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों वहां आ धमके।

एक बदमाश ने तमंचा तानकर व्यापारी से रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया जबकि दूसरे बदमाश ने तमंचे के बल पर नौकर को कब्जे में ले लिया। व्यापारी संजीव गुप्ता ने बदमाशों को धक्का दे दिया। तभी दूसरे बदमाश ने तमंचे से व्यापारी के ऊपर फायर झोंक दिया। किसी तरह उन्होंने खुद को बचा लिया, लेकिन गोली के मामूली छर्रे उनके लग गए। गोली उनके नजदीक से होकर आढ़त की फाटक में जा लगी।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इक्कठा हो गए। खुद को घिरा देखकर बदमाश व्यापारी का मोबाइल छीनते हुए कस्बे की ओर को फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद कस्बा इंचार्ज रामवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। बदमाशों की तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Exit mobile version