Site icon Badaun Today

भाजपा ने बदायूं में सभी सीटों पर घोषित किए अपने प्रत्याशी, बिल्सी से हरीश तो सहसवान से डीके पर लगाया दांव

बदायूं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने बदायूं की 6 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, इनमे 4 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया। जबकि बिल्सी सीट से भाजपा विधायक आरके शर्मा के पाला बदल लेने के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य और सहसवान से डीके भारद्वाज पर दांव लगाया गया है।

भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने पहले चरण में 58 में से 57 और दूसरे चरण में 55 में से 48 उम्मीदवारों की घोषणा की है, अभी कुल 107 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इनमे 20 सीट पर उम्मीदवार बदले गए हैं, 63 लोगों को दोबारा टिकट दिया गया है, 10 महिलाओं को टिकट दिया गया है, 21 नए प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है और 21 नए प्रत्याशियों में युवा और डॉक्टर हैं। भाजपा ने जनपद में मौजूदा विधायकों में बदायूं शहर से महेश चन्द्र गुप्ता, शेखूपुर से धर्मेन्द्र शाक्य उर्फ पप्पू भैया, दातागंज से राजीव सिंह उर्फ बब्बू भैया और बिसौली से कुशाग्र सागर पर एक बार फिर भरोसा जताया है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा हरीश शाक्य को बिल्सी से उम्मीदवार बनाया गया है। इनके जिलाध्यक्ष रहते जिले में भाजपा ने विधानसभा की पांच सीटें जीती थीं, जबकि लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की जीत हुई थी। हरीश शाक्य का नाम 2017 विधानसभा चुनावों में भी चर्चा में आया था हालाँकि उस वक्त भाजपा ने पैराशूट प्रत्याशी आरके शर्मा को मैदान में उतारा और उन्हें जीत हासिल हुई। आरके शर्मा 2017 चुनाव से एक महीने पहले बसपा का दामन छोडकर भाजपा में आए थे, वहीँ 2022 चुनाव में उन्होंने अब भाजपा का दामन छोड़ अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। सहसवान सीट से भाजपा ने डीके भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया है। डीके साल 2009 के संसदीय चुनाव में जनता दल यू से चुनाव लड़े थे। हालांकि उस वक्त चुनाव में बाजी सपा के धर्मेंद्र यादव ने जीती।

कांग्रेस ने उतारे दो प्रत्याशी
सपा, बसपा और कांग्रेस ने जिले में अपने प्रत्याशियों की घोषणा शुरू कर दी है। जहां समाजवादी पार्टी और महान दल के गठबंधन से बिल्सी विधानसभा सीट पर महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के बेटे चंद्र प्रकाश को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं बसपा ने भी 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने भी गुरुवार को बदायूं शहर समेत बिसौली सीट पर दो महिला प्रत्याशियों की घोषणा कर दी।

यूपी चुनाव का कार्यक्रम
बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश में अन्य चरणों में मतदान 14, 20, 23, 27 फरवरी, 3 और 7 मार्च को होगा। वहीं यूपी चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। बदायूं जनपद में दूसरे चरण में मतदान हैं।

Exit mobile version