Site icon Badaun Today

जनपद में धूमधाम से मनाया गया 72वां गणतंत्र दिवस

बदायूं: जनपद में आज देश का 72वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह व गरीमापूर्ण ढंग से मनाया गया। 15 अगस्त 2020 को स्वतंत्रता दिवस भले ही कोरोना के खौफ और पाबंदियों के साथ मनाया गया हो, लेकिन गणतंत्र दिवस कोरोना के खौफ से मुक्त नजर आया। इस बीच बाजारों में तिरंगा झंडों की खूब बिक्री हुई। बच्चे भी खूब खरीदारी करते हुए देखे गए। चौतरफा गणतंत्र का उत्साह नजर आ रहा है। हर कोई देशभक्ति के रंग में डूबा हुआ है।

जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी एवं अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में उल्लिखित संकल्पो की शपथ दिलाई। पुलिस लाइन में एसएसपी संकल्प शर्मा ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा जिले के सभी तहसील व ब्लाक मुख्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। इसी तरह अन्य सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं, स्कूल व कालेजों में ध्वजारोहण किया गया।

पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि सदर विधायक और नगर विकास मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और गुब्बारे उड़ाकर पुलिस परेड का शुभारंभ किया। उन्होंने एसएसपी संकल्प शर्मा के साथ पुलिस परेड का अवलोकन कर परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों का उत्साह वर्धन किया। सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने 72वें गणतंत्र की बधाई देते हुए कहा कि आज देश के भीतर कन्याकुमारी से कश्मीर तक बड़े धूमधाम से यह पर्व मनाया जा रहा है। एक जमाना था कि कश्मीर के अन्दर तिरंगा नहीं फहराया जाता था, लेकिन आज फहराया जाता है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के चरणों में नमन करता हूं कि उनकी सोच से आज सम्पूर्ण देश में तिरंगा शान से लहराता है और उत्साह व उमंग के साथ गणतंत्र दिवस का यह पर्व मनाया जाता है। आज देश की सेना के मन में यह भाव है कि देश के प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है। धोखे से हमारे जवानों पर वार करने वाले चीनी सैनिकों को जिस प्रकार हमारे सैनिकों ने मारा वह सारे विश्व ने देखा। देश के जवानों का हौसला अफजाई करने प्रधानमंत्री स्वयं सुबह ही उनके पास पहुंचे थे और अपने हाथों से उन्हें मिठाई खिलाई। हम भारत के लिए जिएंगे और मरेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को लाभांवित करने के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न योजनाएं संचालित की हुई हैं। पीएम और सीएम ने जिस प्रकार कोरोना जैसी भयंकर महामारी को नियंत्रण किया, इसका उदाहरण भी पूरे विश्व ने देखा है। बाबा साहब अम्बेडर की इच्छा की तरह ही प्रधानमंत्री जी के मन में भाव है कि हर गरीब का पक्का मकान बने, शौचालय बने उसके घर में रोशनी हो, बिजली हो, गैस मिले। हर गरीब अपने पिता का इलाज अच्छे अस्पतालों में करा सके। इसके लिए उन्हें गोल्डन कार्ड की सुविधा दी गई है। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिले, आज यह मोदी जी और योगी जी के द्वारा संभव है।

जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने कहा कि विश्व का बड़ा लिखित संविधान हमारे देश भारत का है, जिसमें सभी धर्म के लोगों को एक सामान्य अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि देश जब तक प्रगति नहीं करेगा, जब तक सब लोग मिलकर संविधान के बताए हुए मार्ग पर नहीं चलेंगे। देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कानून का पालन करें, तभी देश में सुधार तथा प्रगति होगी।

एसएसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संबिधान है। गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस को मनाने के पीछे जो मूलभूत कारण है कि बड़ी कुर्बानियों और प्रयासों के बाद हमें स्वतंत्रता मिली है और हमे गणतंत्र प्राप्त हुआ है। इसे सभी को समझना चाहिए। यह बहुत बहूमूल्य है, इसको बनाए रखें। निरंतर देश को आगे बढ़ाएं, इसका महान बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहें।

राज्यमंत्री महेश चन्द्र गुप्ता, जिला न्यायाधीश जफीर अहमद, जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों, नगर पालिका चेयरमैन दीपमाला गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विद्यालयों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को खूब सराहा। महेश चन्द्र गुप्ता ने परेड कराने वाले कमांडर्स तथा अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों तथा उनके अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।

Exit mobile version