Site icon Badaun Today

भाजपा नेता और उसके भतीजे की कार से कुचलकर हत्या

इस्लामनगर। थाना क्षेत्र में भाजपा नेता व पूर्व सैनिक और उसके भतीजे को कार से कुचलकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने परिवार में चाचा समेत 7 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वारदात में शामिल स्कार्पियों पुलिस ने बरामद कर ली है। 

इस्लामनगर थानाक्षेत्र के गांव अल्लीपुर चिचेटा निवासी पूर्व फौजी और भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष आर्येंद्र सिंह(45) उर्फ बबलू अपने भतीजे गौरव(16) उर्फ भोले के साथ गुरुवार को बाइक से इस्लामनगर से लौट रहे थे। कंधरपुर और लभारी गांव के बीच घात लगाए स्काॅर्पियो सवार लोगों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार दबंग दोनों को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए। जिससे दाेनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही आर्येंद्र के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। तब तक पुलिस भी आ गई। परिवार वाले पहले दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। रात में बरेली ले जाते समय दोनों की रास्ते में मौत हो गई।

मृतक के भतीजे आर्यमान सिंह का कहना है कि हादसे के समय वह चाचा के पीछे ही बाइक से चल रहा था। चाचा और उसके बेटों ने आयोंद्र सिंह और गौरव पर दो बार कार चढ़ाई। इसके बाद उनके हाथ-पैर भी काट दिए। जब कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई है तभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं बताया कि उसने चाचा के मरने से पहले बयान भी रिकाॅर्ड किया है।

आर्येंद्र पाल सिंह के परिवार वालों के मुताबिक हत्यारोपियों ने इस घटना को पुरानी रंजिश में अंजाम दिया, लेकिन इसमें गौरव या उसके परिवार का कोई लेना-देना नहीं था। कुछ दिन पहले ही आर्येंद्र पाल सिंह ने उसका रुदायन के नेहरू इंटर कॉलेज में दाखिला कराया था। वह गांव के रिश्ते के चलते गौरव के चाचा लगते थे। गुरुवार को गौरव अपने चाचा आर्येंद्र पाल सिंह के साथ किताबें खरीदने गया था। 

आर्येंद्र के भाई अजेंद्र पाल सिंह ने अपने परिवार के चाचा समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने सुभाष, राजभान, आशीष, विनय, सुरेंद्र और नरेंद्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को एक सीसीटीवी की फुटेज भी मिली है जिसमें आरोपी कार में सवार होते हुए और जाते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि तालाब पर कब्जे को लेकर आपसी विवाद चल रहा था और आरोपी मृतक को हत्या की धमकी दे चुके थे।

एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर की आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटनाक्रम का सच सामने आएगा। वहीं शुक्रवार देर शाम को दोनों शवों का चिचैटा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। गांव में पीएसी को भी तैनात किया गया है। 

Exit mobile version