Site icon Badaun Today

राजा भइया की पार्टी ने जारी की अपनी पहली लिस्ट, बिल्सी से शैलेन्द्र मिश्र को बनाया उम्मीदवार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में सियासी सरगर्मियां लगातार चल रही हैं। चुनावी बिसात पर सभी दल अपने मोहरे सजा रहे हैं। इसी क्रम में प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया अपनी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक 11 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया। इसमें जिले की बिल्सी सीट से शैलेन्द्र मिश्र को उम्मीदवार बनाया गया है।

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अपनी पहली लिस्ट जारी करते हुए जिन 11 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है उसमें पहला नाम पार्टी प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह राजा भईया का है। जो कुंडा विधानसभा सीट से जनसत्ता दल लोकतांत्र‍िक पार्टी से उम्मीदवार होंगे। वहीं बदायूं जिले की सबसे चर्चित सीट बिल्सी विधानसभा से शैलेन्द्र मिश्र को टिकट दिया है। मूलरूप से कासगंज की आवास विकास कॉलोनी निवासी शैलेन्द्र मिश्र कासगंज से ही पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं और आर्मी से रिटायर हैं। उनकी ननिहाल उझानी के गाँव हजरतगंज में है।

शैलेन्द्र मिश्र ने बताया कि राजा भईया ने मुझ पर भरोसा जताया है, मै उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूँगा। उन्होंने कहा कि लम्बे वक्त से बिल्सी को ठगा गया है, झूठे वादे किए गए हैं इसीलिए मैंने पार्टी से बिल्सी से चुनाव लड़ने की मांग की थी। मै एक किसान का बेटा होने के साथ साथ एक पूर्व सैनिक हूँ, अपने हर वादे को निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि मै कोई नेता नहीं हूँ, जनता का सेवक रहना चाहता हूँ।

साथ ही प्रतापगढ़ की बाबागंज सीट से विनोद सरोज, प्रयागराज की सोरांव सीट से डॉ. सुधीर राय, फाफामऊ सीट से लक्ष्मी नारायण जायसवाल उम्मीदवार होंगे। वहीं, जालौन की उरई सीट से विजय चौधरी अहिरवार, गोंडा के गौरा विधानसभा सीट पर डॉ. श्याम नारायण वर्मा ताल ठोकेंगे। बहराइच की कैसरगंज मोहम्मद हजरतदीन अंसारी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जालौन की माधोगढ़ सीट से डॉ. ब्रजेश सिंह राजावत, बदायूं की बिल्सी सीट से शैलेश मिश्र पर पार्टी ने भरोसा जताया है, सोनभद्र की राबर्ट्सगंज सीट पर वीरेंद्र मौर्य और एटा की जलेसरगंज विधानसभा सीट पर धीरज धोबी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से उम्मीदवार होंगे।

जानकारी के मुताबिक, साल 1993 से लगातार रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भईया निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में राजा भईया की पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। जल्द ही अन्य उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होगी। पार्टी ने 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर 22 मुद्दों वाला अपना घोषणा पत्र भी जारी किया है। इसमें नौजवानों, किसानों, महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा समेत 22 अहम मुद्दे है जिनको लेकर जनता के बीच जाएंगे।

Exit mobile version