उझानी। कोतवाली में मुंशी और महिला सिपाही के बीच हुई हाथापाई के बाद एसएसपी ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है। तबादले से नाराज महिला सिपाही ने कार्यालय में मुंशी को थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। साथ ही एसएसआई अनूप सिंह का भी तबदला कर दिया गया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने मुंशी गुलाब सिंह और महिला सिपाही प्रतिष्ठा शर्मा को लाइन हाजिर किया है। सोमवार दोपहर को महिला सिपाही ने मुंशी को थप्पड़ मार दिया था जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई थी। घटना के बाद महिला सिपाही कोतवाली से चली गयी थी और बदायूं जाकर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को पूरी बात बताई। कोतवाली में करीब एक घंटे हुए इस ड्रामे की उच्चााधिकारियों सूचना नहीं दी गयी, बताया जाता है कि सिपाही से ही उन्हें घटना का पता चला था। जिसके बाद एसएसपी ने जांच का आदेश दिया था।
इसके अलावा एसएसआई अनूप सिंह को सहसवान भेजा गया है। माना जा रहा है कि मुंशी-महिला सिपाही के बीच इस घटनाक्रम में अनूप सिंह की भी भूमिका संदिग्ध है। साथ ही वह कस्बे में लगातार चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे थे, न ही उनका खुलासा कर पाए। इस वजह से भी उनकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे।
क्या है पूरा मामला?
कोतवाली से प्रतिष्ठा शर्मा और अंशू तेवतिया नामक महिला सिपाहियों अलग अलग जगह तबादला कर दिया गया था। प्रतिष्ठा शर्मा को जरीफनगर तो अंशू तेवतिया को शहर कोतवाली भेजा गया। बताया जाता है कि दोनों सिपाहियों की आपस में बनती नहीं थी इसीलिए उन्हें हटाया गया।
सोमवार करीबन एक बजे प्रतिष्ठा शर्मा मुंशी गुलाब सिंह के पास पहुंची और उससे बहस करते हुए तबादला कराने का आरोप लगाया। वहीं मुंशी ने जब इसका विरोध करते हुए तबादले कराने की बात से इनकार किया तो प्रतिष्ठा ने मुंशी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई हो गयी। बाद में वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग-अलग किया।
Discussion about this post