Site icon Badaun Today

शिवपाल यादव का ऐलान, यूपी की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगा समाजवादी सेक्युलर मोर्चा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अलग होकर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने वाले शिवपाल सिंह यादव ने ऐलान किया है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर उनका मोर्चा चुनाव लड़ेगा। इतना ही नहीं 2019 के चुनाव के बाद मोर्चे के मजबूत होने का दावा करते हुए 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उतरने की बात कही है।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में आयोजित पहले राष्ट्रीय एकता सम्मेलन में शिरकत करने जाने से पहले ही शिवपाल यादव कहा, ‘समाजवादी पार्टी के उपेक्षित, अपमानित और जो लोग हासिए पर हैं, उन्हें एक करके लड़ाई लडे़ंगे। सेक्युलर मोर्चा का काम राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना रहेगा।’ शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव (2019) में समाजवादी सेक्युलर मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। शिवपाल ने कहा, ‘मोर्चा पूरी ताकत के साथ लोकसभा का 2019 का चुनाव लड़ेगा, इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी के सहयोग के बिना देश में अगली सरकार बनाना मुमकिन नहीं होगा। उनका कहना है कि सेक्युलर मोर्चा वक्त की जरूरत थी, है और रहेगी। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी मजबूत दल के रूप में हमारा मोर्चा उभरेगा। सेक्युलर मोर्चे का सफर शुरू हो चूका है, अब वह रुकने वाला नहीं है। दिनोंदिन मोर्चे का कारवां बढ़ता जाएगा, जनाधार वाले लोग इससे जुड़ेंगे। चंद दिनों में मोर्चे की ताकत का एहसास सियासी हल्के में हो जाएगा।’

Exit mobile version