Site icon Badaun Today

उझानी एसएसआई का ट्रांसफर, भाजपा नेता से हुआ था विवाद

उझानी। भाजपा नेता से विवाद से चर्चा में आए एसएसआई का शुक्रवार रात ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें शेखूपुर इंचार्ज बनाया गया है।

उझानी कोतवाली में तैनात एसएसआई खुर्शीद अहमद का एक सप्ताह पहले भाजपा नेता योगेश प्रताप सिंह से विवाद हो गया था, एसएसआई लॉकडाउन के उल्लंघन पर एक दुकान को बंद कराने पहुंचे थे। इस बीच वहां मौजूद व्यापारियों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए उनका विरोध किया। मामले की जानकारी योगेश प्रताप सिंह को हुई तो वो वहां पहुँच गए। दोनों में काफी देर नोकझोंक हुई। इस दौरान एसएसआई ने भाजपा नेता को धक्का दे दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल हुआ था।

पढ़िए: लॉकडाउन में पुलिस के पक्षपात पर दरोगा से भाजपा नेता की नोकझोंक

इस विवाद के बाद भाजपा नेता और व्यापारी कोतवाली पहुंचे। जहाँ इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। लेकिन अंदरखाने में भाजपा कार्यकर्ताओं में इस मामले को लेकर काफी नाराजगी थी और इसकी शिकायत संगठन के शीर्ष नेताओं से भी की गयी थी। सोशल मीडिया में भाजपा कार्यकर्त्ता लगातार एसएसआई को हटाने की मांग कर रहे थे।

वहीं शुक्रवार देर रात एसएसआई खुर्शीद अहमद का ट्रांसफर कर दिया गया। वो सिविल लाइंस के शेखुपुर चौकी इंचार्ज आकाश कुमार की जगह संभालेंगे। चौकी इंचार्ज आकाश कुमार समेत सिपाही अंकुश कसाना और निशांत मान को पैसा लेकर नशीले पदार्थों के तस्करों को छोड़ने के मामले में निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है। आकाश कुमार और आरोपी दोनों सिपाही जिले से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Exit mobile version