Site icon Badaun Today

लेनदेन विवाद में भांजे ने अपने ससुर के साथ मिलकर मामा को उतारा मौत के घाट

जरीफनगर। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक युवक की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गयी। आरोपी भांजा और उसका ससुर बताये जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

क्षेत्र के गांव दांदरा निवासी किसान रोहिताश पुत्र उल्फत शनिवार रात करीबन साढ़े 12 बजे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान जनपद संभल के फैजपुर थाना के रजपुरा निवासी ब्रजेश व मोलनपुर निवासी वीरपाल घर में तमंचा लेकर घुस गए। उन्होंने रोहिताश के सिर और पीठ में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। अचानक गोली चलने की आवाज आई तो घर के अन्य सदस्य चौंक गए, उन्होंने दोनों आरोपियों को वहां भागते हुए भी देखा।

घटना से परिवार में कोहराम मच गया, आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस बल भी पहुँच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।

बताया जा रहा है कि ब्रजेश ने कुछ वक्त पहले अपने मामा रोहिताश से करीबन 2 लाख रुपये उधार लिए थे, ऐसे में रुपयों की वापसी की मांग पर ब्रजेश आनाकानी कर रहा था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। एक दिन पहले भी दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी जिससे नाराज ब्रजेश ने अपने ससुर वीरपाल के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।

Exit mobile version