उझानी(बदायूं)। नगर के स्काई विंग्स प्ले स्कूल में नन्हे सितारों के लिए अपग्रेडिंग समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम प्री-नर्सरी, नर्सरी और केजी के छात्रों की शैक्षणिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को चिह्नित करने के लिए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक नंद किशोर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके शुभारंभ किया। नन्हे-मुन्नों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने स्वागत गान, कविताओं और मनमोहक नृत्य प्रदर्शनों से अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया। प्री-नर्सरी से नर्सरी और केजी से कक्षा एक में प्रवेश करने वाले बच्चों को उनकी शैक्षणिक और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। छात्रों को सर्टिफिकेट देकर उनके अगले बड़े कदम के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्कूल की निदेशक प्रियंका छाबड़ा ने बच्चों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा को जीवन की नींव बताया और बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन एवं आत्मविश्वास का निर्माण करना है। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने स्कूल की शिक्षण पद्धति और बच्चों के आत्मविश्वास में आए सुधार की प्रशंसा की।
समारोह के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विवेक छाबड़ा ने बच्चों के भविष्य और स्कूल के विजन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि स्काई विंग्स प्ले स्कूल केवल किताबी ज्ञान देने में विश्वास नहीं रखता, बल्कि हमारा उद्देश्य नन्हे-मुन्नों के व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास करना है।


