Site icon Badaun Today

दातागंज में पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या, दो साल पहले की थी लव मैरिज

बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी और आठ माह की बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला। जब उनकी मौत हो गई तब शव के पास ही बैठ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

ग्राम भुड़ेली निवासी अखिलेश उर्फ अजय पुत्र देशराज ने करीब ढाई साल पहले जिला देवरिया निवासी खुशबू(19) पुत्री भरत चौधरी से प्रेम विवाह किया था। करीबन दो साल पहले वह दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। वहीं उसकी मुलाकात खुशबू से हुई थी। उसके माता-पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। प्रेम प्रंसग के बाद दोनों भागकर आ गए थे। इसके बाद अजय ने बदायूं के एक मंदिर में खुशबू के साथ शादी कर ली। हालाँकि शादी के समय खुशबू नाबालिग थी, इस संबंध में भरत चौधरी ने खुशबू को ले जाने के संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई लेकिन खुशबू ने अखिलेश के पक्ष में ही बयान दिए। बाद में दोनों पक्षों की सहमति से मुकदमा खत्म हो गया।

वहीं मंगलवार शाम दोनों के बीच विवाद हुआ। रात में खाना खाकर अखिलेश खेत पर चला गया। सुबह करीबन 7 लौटकर घर आया। उस दौरान खुशबू चारपाई पर लेटी अपनी 8 माह की बेटी को दूध पिला रही थी। तभी अखिलेश ने मां-बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। दोनों को सिर और पेट पर कुल्हाड़ी मारीं, जिससे दोनों की कुछ ही देर में मौत हो गई।

शराब पीने की वजह से होता था झगड़ा
अखिलेश के साथ उसकी दो छोटी बहनें रहती थीं जबकि आरोपी के पिता देशराज व मां बरेली में अपने मकान में रहते हैं। अखिलेश शराब पीने का आदी है। इस वजह से पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था, खुशबू कई बार अपनी मां के पास जाने की बात कह चुकी थी। आरोपी की 14 वर्षीय बहन सविता ने बताया कि मंगलवार की शाम दोनों झगड़ा हुआ था। इसके कुछ देर के बाद सभी लोग सो गए। मै सुबह घर के काम में लग गई। तभी छोटी बहन के चिल्लाने की आवाज आई। जब आंगन में पहुंची तो भइया को भाभी और भतीजी पर कुल्हाड़ी से वार करते हुए देखा। हर तरफ खून ही खून था। हम दोनों जोर-जोर से चींखने-चिल्लाते हुए घर से बाहर भाग कर आई। कुछ देर के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

एसएसपी डॉ ओपी सिंह ने बताया कि पति-पत्नी में शाम को किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बात-बात पर वह मायके जाने की बात कहती थी। इसी को लेकर युवक गुस्से में था और उसने पत्नी और 6 माह की बेटी की हत्या कर दी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

Exit mobile version