Site icon Badaun Today

थाने में दरोगा की पिस्टल से चली गोली महिला के सिर में लगी, आरोपी फरार

अलीगढ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में थाने के अंदर बड़ा हादसा हो गया। दारोगा की पिस्टल से गोली चलने से एक महिला घायल हो गई है। महिला थाने में पासपोर्ट वेरीफिकेशन के लिए आई थी। आरोपी दारोगा मौके से फरार हो गया है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

कोतवाली नगर की भुजपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र की हड्डी गोदाम निवासी शकील की 55 वर्षीय पत्नी इशरत जहां को आगामी समय में उमरा के लिए सऊदी अरब जाना था। उन्होंने अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए एप्लाई करा था। गुरुवार शाम को थाने से दारोगा मनोज कुमार शर्मा का इशरत जहां को फोन आया। उन्होंने कहा कि आप थाने जाकर अपने पासपोर्ट की इंक्वारी रिपोर्ट की कार्रवाई पूरी करें। शुक्रवार को इशरत जहां कोतवाली के सीसीटीएनएस कार्यालय में मौजूद दारोगा मनोज कुमार शर्मा के पास पहुंची।

इस दौरान दरोगा मनोज शर्मा की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली सीधी इशरत जहां के सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गयाय। एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी महिला के उपचार के बारे में की जानकारी करने के लिए मेडिकल पहुंचे। आरोपी दरोगा मौके से फरार हो गया है। वहीं पीड़ित महिला के परिवार का कहना है कि सुविधा शुल्क देने को लेकर उनकी दारोगा से कहासुनी हुई थी। दारोगा मनोज कुमार ने सरकारी पिस्टल से इशरत जहां के सिर में गोली मार दी।

इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इसमें दिख रहा है कि दरोगा पहले फाइल निकाल रहा था। फिर उसे एक साथी ने सर्विस पिस्टल दी। जैसे उसने टच दिया, अचानक से फायर हो गया। महिला अपने परिजन के साथ खड़ी थी। उसके सिर के साइड में गोली लग गई। वो तुरंत जमीन पर गिर गई। दरोगा एकदम से घबरा गया। महिला के पास गया फिर भाग निकला।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया है कि इस मामले में लापरवाह दरोगा मनोज शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराए जाने के आदेश दिए हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version