उझानी (बदायूं)। प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई के मामले में पुलिस ने प्रेमिका के भाइयों समेत पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह बरेली के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है।
मूल रूप से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बोंदारी सीमा देवी उर्फ सोमा पत्नी उदयराज यादव अपने परिवार के साथ पिछले 20 वर्षों से उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज में रह रही हैं। युवक का अपने गांव आना-जाना रहता था, इसी दौरान उसका गांव की एक युवती से प्रेम संबंध हो गया था। सीमा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार दिन पहले सुबह करीब सात बजे कार सवार चार युवक उनके घर पहुंचे और उनके बेटे सूर्यकांत यादव उर्फ छोटू को जबरन कार में डालकर ले गए। आरोपियों ने उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में घर के दरवाजे पर फेंक कर फरार हो गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। परिजनों ने घायल सूर्यकांत को पहले बदायूं में प्राथमिक उपचार दिलाया लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर राजकमल, छिदका, ब्रजेश कुमार, अभिषेक और उदयभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की पिटाई नोएडा में की गई थी। उसकी प्रेमिका अपने परिजनों के साथ नोएडा में रहती है।


