उझानी (बदायूं)। प्रेम-प्रसंग में अपहरण कर बेरहमी से पीटे गए युवक की मौत के बाद अब मामला और गरमा गया है। छह दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ परिजनों का दर्द शुक्रवार देर रात उस वक्त छलक पड़ा, जब वे केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर दबाब बनाने का आरोप भी लगाया।
मूल रूप से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बोंदारी निवासी सूर्यकांत यादव को 6 दिन पूर्व प्रेमिका के परिजनों ने पीटा था। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक को बेहोशी की हालत में उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज स्थित घर के दरवाजे पर फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सूर्यकांत को पहले बदायूं में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती सूर्यकांत की हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार शाम करीबन 4 बजे उसने दम तोड़ दिया।

केंद्रीय मंत्री के सामने छलका दर्द
घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ परिजनों और मृतक के दोस्तों ने शुक्रवार देर रात केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के आवास पर पहुंचकर मुलाकात कर न्याय की मांग की। मृतक के ताऊ गजेन्द्र यादव ने बताया कि उनके भतीजे को अपहरण बेरहमी से पीटा गया। उसको नोएडा में पीटकर उझानी डाल गए। जब वो बदायूं अस्पताल में था तब भी पुलिस वहां नहीं पहुंची। आज सैफई में उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने में लगी हुई है और आरोपियों का पक्ष ले रही है। कोतवाली का एक दरोगा देर रात में कॉल कर परेशान करता है। इतना ही नहीं, बीते दिनों कोतवाली से कई पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और दुर्व्यवहार किया। घटनाक्रम बताते हुए गजेन्द्र यादव भावुक हो गए, उनकी आँखों से आंसू छलक पड़े। मैं एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आता हूँ, इसके बावजूद हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
केंद्रीय मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
परिजनों की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को फोन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि शिकायत के आधार पर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


