Site icon Badaun Today

उझानी सीएचसी में भर्ती किए गए बरेली के 9 कोरोना संक्रमित मरीज

उझानी (बदायूं)। जनपद में नए 17 कोरोना संक्रमित मरीजों का शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी के लेवल-वन अस्पताल इलाज शुरू हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने सीएचसी का निरीक्षण किया। साथ ही बरेली के 9 मरीजों को भी यहाँ भर्ती कराया गया है।

जनपद में कोरोना के 17 नए मामले सामने आने के बाद एक गर्भवती महिला को छोड़ सभी मरीजों को कस्बे के सीएचसी के लेवल-1 अस्पताल में लाया गया। इनके इलाज के लिए डॉक्टर की टीम गठित की गयी है। वहीं गर्भवती महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था लेकिन शनिवार शाम उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे बरेली रेफर कर दिया गया। सीएचसी के आसपास के इलाके पर बैरीकेडिंग कर इलाके को सील किया गया। वहीं बरेली की तहसील फरीदपुर के एक कालेज में क्वारंटाइन नौ प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन मरीजों को भी शनिवार को सीएचसी में भर्ती किया गया है। चिकित्साधिकारी डॉ. सुयश दीक्षित ने जानकारी दी कि इन मरीजों का इलाज भी लेवल-1 अस्पताल में होगा। अब सीएचसी में कोरोना मरीजों की संख्या 25 हो गयी है।

शनिवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशांत, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों के लिए पीपीई किट, संक्रमितों के लिए भोजन, रोशनी, सीसीटीवी आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कुमार प्रशांत ने ईओ धीरेन्द्र राय को उक्त व्यवस्थाओं की माॅनिट्रिंग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि संक्रमित मरीजों का 10 दिन बाद पुनः सैम्पल लिया जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आ जाने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

डीएम ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में अन्य संक्रमित राज्यों से प्रवासी मजदूर आएं हैं। ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की ज़रूरत है। लोगों को प्रशासन द्वारा बनाये गये नियमों का पालन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को मास्क लगाना आवश्यक है। बिना मास्क लगे घूमने पर सजा व जुर्माने का प्रावधान है इसीलिए मास्क लगाए और सार्वजनिक स्थलों पर न थूकें। बिना मास्क लगे व्यक्तियों को चिन्हित कर कार्यवाही होगी। एसएसपी ने कहा कि दोपहिया वाहनों पर चालक के सिवा कोई नहीं बैठेगा। अगर कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी।

Exit mobile version