उझानी(बदायूं)। उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। रविवार को एक बार फिर डॉक्टरों की उदासीनता के चलते सड़क हादसे में घायल दंपत्ति को समय से इलाज नहीं मिला। करीबन आधा घंटा इंतजार करने के बाद एम्बुलेंस चालक घायल दंपत्ति को लेकर मेडिकल कॉलेज चला गया।
थाना हजरतपुर के गांव टकसेना निवासी सुखपाल अपनी पत्नी 45 वर्षीय कृष्णा देवी के साथ बाइक से रिवर सुबह कछला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरेली-आगरा हाइवे पर क्षेत्र के करूआपुल के पास एक कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुखपाल मामूली तौर पर घायल हो गए जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
उधर, वहां से गुजर रही एम्बुलेंस दंपत्ति को उझानी सीएचसी लेकर पहुंची तो इमरजेंसी कक्ष से डॉक्टर गायब थे। डॉक्टर न होने पर एम्बुलेंस चालक और घायल सुखपाल डॉक्टर की तलाश करते रहे लेकिन कोई डॉक्टर नहीं मिला। इमरजेंसी में डॉक्टर नहीं होने पर घायल सुखपाल ने नाराजगी जताई। 20 मिनट इतंजार के बाद भी जब डॉक्टर नहीं पहुँचे तो एम्बुलेंस चालक घायल दंपत्ति को बिना रेफर कराए ही मेडिकल कॉलेज रवाना हो गया।
Discussion about this post