Site icon Badaun Today

भाजपा-सपा की फर्जी सूची जारी, बागीश पाठक को बताया बदायूं से प्रत्याशी

बदायूं। लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ साथ सोशल मीडिया में उम्मीदवारों की फर्जी सूची सामने आने का सिलसिला तेज हो गया है। ऐसी ही एक फर्जी सूची भाजपा और उम्मीदवार को लेकर सामने आई है। इस सूची में भाजपा के 24 और सपा के 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। सूची में बदायूं से बागिश पाठक को उम्मीदवार बताया गया है।

सोशल मीडिया पर कल भारतीय जनता पार्टी के साथ ही समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों की फर्जी सूची जारी होने से राजनीतिक दलों में खलबली मच गई। सोशल मीडिया में सपा के 15 उम्मीदवारों की वायरल हुई जिसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को आजमगढ़, गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को मीरजापुर, बेगम फातिमा आजम को रामपुर और तेज नारायण पांडेय को फैजाबाद से सपा प्रत्याशी बताया गया था। आखिरकार सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को कहना पड़ा की यह सूची फर्जी है। हालांकि इससे पहले सपा ने छह सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित करते हुए अधिकृत सूची जारी की थी।

इससे पहले भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों की सूची वाट्सएप पर वायरल हुई। इसमें 24 लोगों के नाम शामिल हैं। इस सूची में बागीश पाठक को दुबारा बदायूं से उम्मीदवार बताया है। बागीश पाठक 2014 में भी भाजपा से चुनाव लड़ चुके हैं तब उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। सूची में इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को पीलीभीत, हेमा मालिनी को फतेहपुर सीकरी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को मथुरा तो भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद मुरली मनोहर जोशी को सुलतानपुर सीट से पार्टी का प्रत्याशी बताया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा राज्य महासचिव विजय बहादुर पाठक का कहा है कि ये सूची फर्जी है। जब भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हो रही है तो इस तरह की सूची जारी होना कैसे संभव है।

इससे पहले बसपा ने 38 उम्मीदवारों की फर्जी सूची जारी होने के मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामला 13 जनवरी का है। इस मामले में अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंचा जा सका है।
Exit mobile version